राष्ट्रीय एकलव्य खेलकूद: 24 स्वर्ण लेकर मप्र पदक तालिका के शीर्ष पर


भोपाल। मेजबान मप्र के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय एकलव्य खेलकूद-2019 में पदकीय प्रदर्शन जारी रखते हुए तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। हमारे खिलाड़ियों ने अब तक कुल 43 पदक जीते हैं। इनमें 24 स्वर्ण, 12 रजत और 7 कांस्य शामिल हैं। 


दैनिक भास्कर के अनुसार तेलंगाना 60 पदक लेकर दूसरे स्थान पर है। उसे 22 स्वर्ण पदक ही मिले हैं। महाराष्ट्र 12 स्वर्ण, 12 रजत और 13 कांस्य के साथ तीसरे स्थान पर है। स्पर्धा के तीसरे दिन बुधवार को मेजबान करातेबाज छाए रहे। अंडर-14 बालक कुमीते में अरुण, अखिलेश और आदित्य ने गोल्ड मेडल जीते। जबकि गगन और हिमांशु को रजत मिले। कुमीते अंडर-19 आयु समूह में मप्र के जीतेंद्र (- 40 किग्रा), शैलेंद्र (-54 किग्रा), अजय (-58 किग्रा), कृष्णा (- 74 किग्रा) और अविनाश (-78 किग्रा) ने स्वर्ण जीते। विजय (- 50 किग्रा), सत्यम (- 62 किग्रा) को रजत मिले।


कुश्ती के अंडर-14 बालक में देव धुर्वे (-45 किग्रा), सत्यम (-55 किग्रा) ने रजत दिलाए। अंडर-19 में प्रियांशु (-80 किग्रा) ने रजत और कैलाश (-45 किग्रा) ने कांस्य दिलाया।


बॉस्केटबॉल में मप्र की अंडर-19 बालिका टीम ने तेलंगाना को 33-3 से हराया। अंडर-14 बालिका में मप्र ने महाराष्ट्र को 11-10 से मात दी। अंडर-19 बालक वर्ग में सिक्किम की टीम ने मप्र को 46-6 से एकतरफा हराया।