चैम्पियन हॉकी टीम ने खेल संचालक डाॅ. थाउसेन से भेंट की

भोपाल। चतुर्थ एस.एन.बी.पी. ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-16 बालक) की चैम्पियन मध्य प्रदेश हाॅकी अकादमी टीम के खिलाडियों ने आज टी.टी. नगर स्टेडियम पहुंचकर संचालक खेल और युवा कल्याण डाॅ. एस.एल. थाउसेन से भेंट की। टूर्नामेंट में विजेता का खिताब जीतने पर खेल संचालक डाॅ. थाउसेन ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने खिलाड़ियों को शाबासी और बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया। 



उन्होंने प्रत्येक खिलाड़ी से परिचय प्राप्त कर उनके प्रदर्शन के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उनकी पीठ थपथपाते हुए आगामी स्पर्धाओं में भी इसी तरह के प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। ख्ेाल संचालक डाॅ. थाउसेन ने अकादमी के खिलाड़ी प्रियेश धूपे को प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट और अली अहमद को बेस्ट फॉरवर्ड के पुरस्कार से सम्मानित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि हमें अपने खिलाड़ियों पर गर्व है, जिन्होंने मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस अवसर पर हाॅकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री राजिन्दर सिंह, सहायक प्रशिक्षक लोकेन्द्र शर्मा एवं मंगल वेद भी उपस्थित थे।



उल्लेखनीय है कि पुणे में 1 से 7 अक्टूबर, 2019 तक खेली गई चतुर्थ एस.एन.बी.पी. ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-16 बालक) के फायनल मुकाबले में मध्य प्रदेश हाॅकी अकादमी के खिलाडियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8-2 से एसजीपीसी (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर) को शिकस्त दी और विजेता का खिताब जीतकर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया।