जिमनास्टिक खिलाड़ियों ने 18 स्वर्ण, 7 रजत और 6 कांस्य सहित जीते 31 पदक पदक विजेता खिलाड़ियों ने खेल संचालक से की भेंट

 भोपाल: इंदौर में 19 से 22 अक्टूबर, 2019 तक खेली गई राज्य शालेय जिमनास्टिक प्रतियोगिता में भोपाल के खिलाड़ियों ने 31 पदक अर्जित किए है। पदकों में 18 स्वर्ण, 7 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं। प्रतियोगिता के बालक अंडर-17 आर्टिस्टिक इवेन्ट में आसिफ शाह ने स्वर्ण पदक जीता जबकि बालिका अंडर -14 वर्ग में शिवानी नामदेव ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर ऑल राउंड थर्ड पोजिशन प्राप्त की। रिदमिक जिम्नास्टिक इवेंट के बालिका अंडर-14 में नयनी मनोचा ने दो स्वर्ण, एक रजत प्राप्त कर ऑलराउंड सेकेण्ड पोजीशन हासिल की। जबकि वैशाली चंदानी ने कांस्य तथा अंडर-17 में संस्कृति परिहार ने चार स्वर्ण के साथ आॅल राउण्ड प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी इवेंट में विभा श्रीवास्तव ने दो कांस्य पदक जीते। अंडर-19 बालिका वर्ग में धरा पाल ने एक स्वणर्, दो रजत और एक कांस्य पदक के साथ आॅल राउण्ड सेकेन्ड तथा सोनाली विश्वकर्मा ने दो स्वर्ण, एक कांस्य पदक जीतकर ऑल राउंड थर्ड पोजिशन प्राप्त की। इसी स्पर्धा में हर्षा शर्मा ने रजत पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता के एक्रोबैटिक मिक्स पेयर इवेंट में हिमांशु हरिया और गंगा साटूडे तथा बालक वर्ग के पेयर इवेन्ट में अजय मिश्रा और मोहित शर्मा ने एक-एक स्वर्ण पदक अर्जित किया। बालक वर्ग के ही फोरर इवेंट में संदीप लोंगरे, हिमांशु हरिया, मोहित शर्मा और अजय मिश्रा ने एक-एक रजत पदक प्राप्त किया। पदक विजेता खिलाड़ियों ने खेल संचालक डाॅ. एस.एल. थाउसेन से भेंट की। खेल संचालक ने खिलाड़ियों को शाबाशी और बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया।  
उक्त खिलाड़ी टी.टी. नगर स्टेडियम में जिमनास्टिक प्रशिक्षक सुश्री शुमायला खान श्री नरेंद्र महावर और श्री राहुल प्रजापति से खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।