अनुराग, शिवांगी ने पहले दिन जीते गोल्ड

- सीबीएसई नेशनल स्वीमिंग चैंपियनशिप



भोपाल। सेंट्रल जोन के अनुराग सिंह और शिवांगी शर्मा ने सीबीएसई नेशनल स्वीमिंग चैंपियनशिप के पहले ही दिन तरणताल से स्वर्ण पदक निकाले। चैंपियनशिप के दौरान एसटीएफ अधीक्षक राजेश सिंह भदौरिया, संयुक्त कलेक्टर राजीव नंदन श्रीवास्तव और भारतीय तैराकी संघ के उपाध्यक्ष पीयूष शर्मा ने विजेता खिलाडिय़ों को मेडल वितरित किए। इस अवसर पर ज्ञान गंगा इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध संचालक विनी राज मोदी, मिनी राज मोदी और स्कूल के प्राचार्य डी अशोक विशेष रूप से उपस्थित रहे।  



ज्ञान गंगा इंटरनेशनल स्कूल की मेजबानी में प्रकाश तरण पुष्कर में खेली जा रही चैंपियनशिप के अंडर-19 बालक फ्री स्टाइल 1500 मीटर में अनुराग ने 16:40.66 मिनट का समय लेते हुए स्वर्ण पदक जीता। स्पर्धा का रजत पदक यूएई के हृदय सुंदरम और साउथ जोन-2 के कौस्तुभ अग्रवाल ने कांस्य पदक जीता। बालिका अंडर-19 वर्ग की 800 मीटर फ्री स्टाइल में शिवांगी ने 9:47.72 मिनट का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। सेंट्रल जोन की ही कृतिका सिंह ने रजत और साउथ जोन-2 की संस्कृता बंदोपाध्याय ने कांस्य पदक जीता। अंडर-11 बालक 50 मीटर बटरफ्लाई में साउथ जोन-2 के हरि कार्तिक ने स्वर्ण, साउथ जोन-1 के एस गोकुलन ने रजत और साउथ जोन-1 के ही यशवंत ने कांस्य पदक जीता। इसी आयु वर्ग की बालिका स्पर्धा में साउथ जोन-1 की बी अलंकृति ने स्वर्ण, सेंट्रल जोन की यजुशा दाहिया ने रजत और साराक्षी दंगट ने कांस्य पदक जीता।