मप्र के निशानेबाजों ने जीते चार स्वर्ण समेत 13 पदक

शाॅटगन शूटिंग: 3 रजत, 6 कांस्य पदक आए



भोपाल। मध्यप्रदेश के निशानेबाजों ने 63वीं राष्ट्रीय शाॅटगन शूटिंग चैंपियनशिप में 13 पदक जीते हैं। इनमें 4 स्वर्ण, 3 रजत और 6 कांस्य शामिल हैं। दिल्ली की कर्णी सिंह रेंज में खेली जा रही प्रतियोगिता के डबल ट्रेप सीनियर वुमेन इवेंट में वर्षा वर्मन ने स्वर्ण, मनीषा कीर ने रजत और महिमा विश्वकर्मा ने कांस्य पदक अर्जित किया। 
दैनिक भास्कर के अनुसार टीम इवेंट में मनीषा कीर, वर्षा वर्मन और अमन बासित की तिकड़ी ने मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया। डबल ट्रेप जूनियर वुमेन इवेन्ट में मनीषा कीर ने स्वर्ण और आयशा खान ने कांस्य पदक अर्जित किया। डबल ट्रेप सीनियर मेंस टीम इवेंट में संजय सिंह तनोडिया, प्रियांशु पांडे और अनवर हसन खान ने कांस्य पदक जीता। इसी प्रकार ट्रेप जूनियर टीम इवेंट में मनीषा कीर, प्रीति रजक और नीरू देवी ने स्वर्ण, ट्रेप मिक्स इवेंट में मनीषा कीर और प्रियांशु पांडे ने रजत पदक अर्जित किया। ट्रैप जूनियर व्यक्तिगत स्पर्धा में मनीषा कीर ने रजत और प्रीति रजक ने कांस्य पदक जीता। ट्रेप सीनियर वुमेन टीम इवेंट में मनीषा, प्रगति और वर्षा वर्मन ने कांस्य पदक अर्जित किया। इसी प्रकार ट्रेप वुमेन सीनियर व्यक्तिगत स्पर्धा में प्रगति दुबे ने कांस्य पदक अर्जित किया।