निशानेबाजी- भारत की टोक्यो के लिए ओलंपिक कोटा संख्या 15 हुई


दोहा,भारत के निशानेबाजों ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, अंगद वीर सिंह बाजवा और मैराज अहमद खान ने 14वीं एशियाई निशानेबाजी प्रतियोगिता के छठे और अंतिम दिन रविवार को जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए देश को तीन ओलंपिक कोटा दिला दिए, जिससे भारत के टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए निशानेबाजी में ओलंपिक कोटा की संख्या 15 पहुंच गई है। भारत ने इसके साथ ही रियो ओलंपिक 2016 में निशानेबाजी में हासिल 12 कोटा के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। 


लुसैल शूटिंग काम्प्लेक्स में प्रतियोगिता के अंतिम दिन पहले मध्य प्रदेश के खरगोन के 18 साल के प्रतिभाशाली निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के साथ 13वां ओलंपिक कोटा हासिल किया। इसके बाद अंगद वीर सिंह बाजवा और मैराज अहमद खान ने पुरुष स्कीट स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण और रजत पदक हासिल करते हुए देश को 14वां और 15वां ओलंपिक कोटा दिला दिया। भारत को इस तरह पहली बार स्कीट स्पर्धा में एशियाई चैंपियन मिल गया। यह भी पहली बार होगा कि भारत इस स्पर्धा में दो निशानेबाजों को ओलंपिक में भेजेगा।


संयुक्त विश्व रिकॉर्डधारी 23 साल के अंगद और 44 साल के मैराज ने पुरुष स्कीट स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर भारत को दोहरी ख़ुशी दी। दोनों ने 154 शॉट में 142 का स्कोर किया और 60 शॉट के फाइनल में भी दोनों का स्कोर 54 रहा जिसके बाद शूट ऑफ का सहारा लिया गया जिसमें अंगद ने 6-5 से बाजी मार ली। 
कुवैत के हबीब सऊद ने कांस्य पदक तीसरा उपलब्ध कोटा हासिल किया। मैराज और अंगद ने क्वालिफिकेशन में में भी 125 में से 120 का स्कोर किया था। मैराज ने पिछले ओलंपिक में भी कोटा हासिल किया था। 


इससे पहले मध्य प्रदेश के खरगोन के 18 साल के  प्रतिभाशाली निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के साथ भारत को 13वां ओलंपिक कोटा दिलाया। भारत ने इस स्पर्धा में उपलब्ध तीन कोटा में से एक हासिल कर लिया। इस 18 वषीर्य युवा निशानेबाज ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रौशन कर दिया। ऐश्वर्य की सीनियर स्तर पर यह पहली बड़ी प्रतियोगिता थी। वह इससे पहले जूनियर विश्व कप में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं जिसमें उन्होंने जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वह एशिया में जूनियर स्तर पर भी जीत चुके हैं जहां उन्होंने संजीव राजपूत जैसे अनुभवी निशानेबाज को हराया था।


ऐश्वर्य ने 120 शॉट के वॉलीफिकेशन में 1168 का स्कोर किया और आठ निशानेबाजों में रहते हुए 45 शॉट के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने 4491 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। व्यक्तिगत कांस्य के साथ ऐश्वर्य ने चैन सिंह (1155) और पारुल कुमार (1154) के साथ टीम स्पर्धा का भी कांस्य पदक जीता। भारत ने इस प्रतियोगिता से छह ओलंपिक कोटा हासिल किये। भारत ने इसके अलावा 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक हासिल किया। साभार लाइव हिदुस्तान।