महिला हाॅकी अकादमी की खिलाड़ियों ने जीता अंडर-17 नेहरू कप


भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य महिला हाॅकी अकादमी की खिलाड़ियों ने 1 से 12 दिसम्बर, 2019 तक दिल्ली में आयोजित 26वीं चरणजीत राय नेहरू कप महिला हाॅकी प्रतियोगिता में एन.सी.सी. सोनीपत की टीम को 1-0 से परास्त कर फायनल मुकाबला जीता। मैच में एक मात्र गोल पेनाॅल्टी कार्नर से 32वे मिनट में अकादमी की खिलाड़ी संस्कृति स्वान ने किया।


प्रतियोगिता में प्लेयर आॅफ द टूर्नामेंट का खिताब ज्योति सिंह ने अर्जित किया। अकादमी की टीम ने सेमी फायनल में सोनीपत हरियाणा की टीम को 4-0 से हरा कर फायनल में प्रवेश किया था। संचालक खेल और युवा कल्याण डाॅ. एस.एल. थाउसेन ने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक को बधाई दी है। अकादमी के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में किडिस कार्नर स्कूल का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण ओलम्पियन तथा खेल मंत्री हरियाणा सरकार, श्री संदीप सिंह ने किया।