मप्र घुड़सवारी अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते 7 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक 

भोपाल। बैंगलूरू में 20 से 29 दिसम्बर तक खेली जा रही जूनियर राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक कुल 13 पदक मध्यप्रदेश को दिलाए हैं। पदकों में 7 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं।




प्रतियोगिता के जूनियर क्लास डेसाज इवेन्ट में राजू सिंह भदौरिया ने स्वर्ण, आदित्य आयुष ने कांस्य, जूनियर क्लास डेसाज टीम इवेन्ट में राजूसिंह, मीरा मलैया, हीरल जोशी और आदित्य आयुष ने रजत पदक अर्जित किया। इसी तरह यूथ क्लास डेसाज व्यक्तिगत स्पर्धा में आनंद झाला ने कांस्य पदक जीता। वहीं टीम स्पर्धा में आनंद झाला, प्रणय खरे, आकांक्षा विश्वकर्मा और परिधि जोशी ने स्वर्ण पदक अर्जित किया। प्रतियोगिता के ग्रुप टू डेसाज इवेन्ट में अर्जुन सिंह ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक तथा टीम इवेन्ट में कृष्णा जोशी और सूर्यांश ने एक स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसी प्रकार ग्रुप टू जम्पिंग में अर्जुन सिंह ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक तथा यंग रायडर जम्पिंग इवेन्ट में प्रणय खरे ने एक स्वर्ण तथा ग्रुप-1 जम्पिंग एक्युम्यूलेटर इवेन्ट में भोलू परमार ने एक स्वर्ण पदक मध्यप्रदेश को दिलाया।




खिलाड़ियों द्वारा अर्जित इस उपलब्धि पर खेलमंत्री जीतू पटवारी तथा संचालक खेल और युवा कल्याण डाॅ. एसएल थाउसेन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है।