राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स- अकादमी के संदीप और अर्जुन ने स्वर्ण, कोमल और अभिषेक ने कांस्य  जीते


भोपाल।पंजाब के संगरूर में 4 से 8 दिसम्बर, 2019 तक खेली जा रही राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आज फिर दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाये।


प्रतियोगिता के अंडर-17 बालक वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में अकादमी के खिलाड़ी अर्जुन वास्कले ने नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया। अर्जुन ने यह दौड़ 8ः32ः07 मि./से. में पूर्ण कर स्वर्ण पदक अर्जित किया और वर्ष 2010 में उत्तर प्रदेश के उत्तरा कुमार के रिकार्ड को तोड़ा। इसी स्पर्धा को 8ः49.09 मि./से. के समय में पूरा कर अभिषेक ठाकुर ने कांस्य पदक अर्जित किया। 



प्रतियोगिता की बांसकूद स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी संदीप कुमार ने 4.10 मीटर कूदकर स्वर्ण पदक अर्जित किया। इसी प्रकार 3000 मीटर पैदल चाल 15ः13.79 मि./से. में पूरी कर अकादमी की खिलाड़ी कोमल पाल ने कांस्य पदक अर्जित किया।