गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल का शुभारंभ आज


 

भोपालः 31 जनवरी, 2020,टी.टी. नगर स्टेडियम में शनिवार एक फरवरी को प्रातः 11.00 बजे राज्य स्तरीय गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल का शुभारंभ होगा। प्रदेश के राजस्व और परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, विधि एवं विधायी, जनसंपर्क, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, विमानन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री पी.सी. शर्मा, खेल और युवा कल्याण एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री अरूण यादव तथा पद्मश्री ओलम्पियन तीरंदाज सुश्री दीपिका कुमारी के विशिष्ट आतिथ्य में शुभारंभ समारोह सम्पन्न होगा। समारोह में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। शुभारंभ कार्यक्रम की आज रिहर्सल की गई। उल्लेखनीय है कि 1 से 7 फरवरी, 2020 तक आयोजित राज्य स्तरीय गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन दो समूहों में किया जा रहा है जिसमें प्रदेश के दस संभागों के लगभग तीन हजार बालक-बालिका खिलाड़ी और आॅफिसियल्स भागीदारी कर रहे हैं।आयोजन के पूर्व आज खेल संचालक डाॅ. एस. एल. थाउसेन ने तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर मार्चपास्ट की रिहर्सल की गई। समारोह में किए जाने वाले मल्लखम्ब प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों ने अभ्यास किया।