मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी संदीप कुमार और इकराम अली ने प्रदेश को दिलाए दो स्वर्ण पदक


भोपाल।  खेलो इंडिया यूथ गेम्स के दूसरे दिन भी म.प्र .एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण  पदक मध्य प्रदेश को दिलाए। मध्य प्रदेश को यह पदक डिस्कस थ्रो और पोल वॉल्ट इवेंट में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के चलते प्राप्त हुए। इन्हें मिलाकर मध्य प्रदेश द्वारा अर्जित स्वर्ण पदकों की संख्या पांच हो गई है।
गुवाहाटी में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत आज खेले गए अंडर-21 बालक वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में अकादमी के प्रतिभावान खिलाड़ी इकराम अली खान ने 53.82 मीटर चक्का प्रक्षेपण (डिस्कस थ्रो) कर नया मीट (प्रतियोगिता)  रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया।



 उल्लेखनीय है कि इकराम अली खान ने पिछले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में रजत पदक मध्यप्रदेश को दिलाया था।  स्कूल नेशनल और जूनियर नेशनल में भी उन्होंने एक-एक स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया है। डिस्कस थ्रो में हरयाणा के खिलाड़ी अभय गुप्ता 53.81 मीटर तथा राजस्थान के खिलाड़ी बासुकेश पूनिया 53.27 मीटर चक्का प्रक्षेपण कर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।



इसी प्रकार अंडर-17 बालक वर्ग के पोल वॉल्ट  (बांसकूद) इवेंट में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के होनहार खिलाड़ी संदीप कुमार ने 4.05 मीटर कूदकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। जबकि तमिलनाडु के खिलाड़ी एल. कमल और हरियाणा के खिलाड़ी अजय कुमार ने 4-4 मीटर कूदकर क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
यहां उल्लेखनीय है कि संदीप कुमार ने भी पिछले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्यप्रदेश को कांस्य पदक दिलाया था। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक दो स्वर्ण और दो कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाए हैं।