मध्यप्रदेश को तैराकी में  दो और कुश्ती में मिला एक कांस्य पदक

खेलो इंडिया यूथ गेम्स गुवाहाटी-2020



भोपाल। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत आज म. प्र. के खिलाड़ियों ने तैराकी में दो और कुश्ती में एक कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाए। इन्हें मिलाकर खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश ने अब तक 12 स्वर्ण, 10 रजत और 17 कांस्य सहित  कुल 39 पदक हासिल किए हैं।



खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत आज बालिका के अंडर-21 कुश्ती मुकाबले  में  म. प्र. कुश्ती अकादमी की खिलाड़ी नूपुर प्रजापत ने 57 किलोग्राम भारवर्ग में मध्य प्रदेश को एक कांस्य पदक दिलाया।  इसी तरह तैराकी में मध्य प्रदेश इंदौर के खिलाड़ी कृष्णा गड़क ने बालक अंडर-17 की 400 मीटर फ्री स्टाइल स्पर्धा में 4.15 मि./से. का समय लेकर कांस्य पदक अर्जित किया। जबकि तैराकी में बालिका वर्ग की  व्यक्तिगत मिडले स्पर्धा में भी इंदौर मध्य प्रदेश की खिलाड़ी कान्या नायर ने एक कांस्य पदक मध्य प्रदेश को दिलाया।



बैडमिंटन अंडर-21 बालक वर्ग में आज खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश धार के खिलाड़ी अमित राठौर ने केरला के खिलाड़ी को 2-1 से पराजित कर सेमी फाइनल में जगह बनाई। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु गुवाहाटी पहुंचे संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ. एस. एल. थाउसेन आज भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं।