नव वर्ष में खेल संचालक डॉ. थाउसेन ने खिलाड़ियों का किया मार्गदर्शन


भोपाल। संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ. एस.एल. थाउसेन ने कहा है कि अकादमी के खिलाड़ियों ने वर्ष 2019 में अन्तर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जितने पदक देश और प्रदेश को दिलाए हैं उससे अधिक पदक नये साल में जीतकर लाना है। मुझे खुशी है कि हमारे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतकर मध्य प्रदेश का परचम फहरा रहे हैं। खेल संचालक डॉ. थाउसेन ने यह बात आज नववर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही।



    गौरतलब  है कि बीते एक वर्ष में विभिन्न खेल अकादमियो  के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय  प्रतियोगिताओं में 12 स्वर्ण, 16 रजत और 19 कांस्य पदक सहित 47 पदक देश को दिलाए हैं। जबकि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने 161 स्वर्ण, 107 रजत और 99 कांस्य सहित कुल 367 पदक मध्य प्रदेश को दिलाए हैं। खेल संचालक ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि कड़े परिश्रम और निरंतर अभ्यास से सफलता सुनिश्चित है। खिलाड़ियों को चाहिए कि वे लक्ष्य निर्धारित कर अभ्यास करें। खेल संचालक डॉ थाउसेन ने नववर्ष पर सभी खिलाड़ियों प्रशिक्षकों और विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को  नववर्ष की शुभकामनाएं दी।