राज्य स्तरीय गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल का शुभारंभ एक फरवरी को


एक सप्ताह तक चलने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ,दस संभागों के करीब तीन हजार खिलाड़ी और आफिसियल्स भाग लेंगे,खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को होगा प्रोत्साहन राशि का वितरण


भोपालः 30 जनवरी,राज्य स्तरीय गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल का आयोजन राजधानी भोपाल में एक से 7 फरवरी, 2020 तक किया जा रहा है। टी.टी. नगर स्टेडियम में शनिवार एक फरवरी को प्रातः 11.00 बजे आयोजित शुभारंभ समारोह प्रदेश के राजस्व और परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, विधि एवं विधायी, जनसंपर्क, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, विमानन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री पी.सी. शर्मा, खेल और युवा कल्याण एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री जीतू पटवारी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री अरूण यादव तथा पद्मश्री ओलम्पियन तीरंदाज सुश्री दीपिका कुमारी के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न होगा। समारोह में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके तहत स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को एक लाख, रजत पदक विजेता को 75 हजार एवं कांस्य पदक विजेता को 50 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जायेगी। उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 15 स्वर्ण, 11 रजत और 20 कांस्य सहित कुल 46 पदक मध्य प्रदेश को दिलाए हैं।


संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ एस. एल. थाउसेन ने बताया कि राजधानी भोपाल में राज्य स्तरीय गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन दो समूहों में किया जा रहा है जिसमें प्रदेश के दस संभागों के लगभग तीन हजार बालक-बालिका खिलाड़ी और आॅफिसियल्स भागीदारी कर रहे हैं। इनमें ग्वालियर, चंबल, सागर, जबलपुर, रीवा, शहडोल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम एवं भोपाल संभाग के खिलाड़ी शामिल हैं। खेल संचालक डाॅ. थाउसेन ने बताया कि राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार पूरे प्रदेश में गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल का आयोजन किया जा रहा है। विकासखण्ड, जिला एवं संभाग स्तर पर गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल का आयोजन किया गया जिसमें करीब एक लाख खिलाड़ी बच्चों ने सहभागिता की। इसके बाद भोपाल में राज्य स्तरीय गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है जिसमें दस खेलों व्हाॅलीबाल, फुटबाल, बास्केटबाल, हाॅकी, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, कुश्ती, बैडमिंटन एवं टेबिल-टेनिस में बालक-बालिका खिलाड़ी प्रतिभा प्रदर्शन करेंगे।



दो समूह में होंगी प्रतियोगिताएं
राज्य स्तरीय गुरू नानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल के अंतर्गत प्रथम समूह में एक से तीन फरवरी तक व्हाॅलीबाल, फुटबाल, कुश्ती, बैडमिंटन और कबड्डी की प्रतियोगिताएं तथा दूसरे समूह में 5 से 7 फरवरी, 2020 तक बास्केटबाल, एथेलेटिक्स, खो-खो, हाॅकी और टेबिल-टेनिस की प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी।प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए गत दिवस संचालक खेल और युवा कल्याण डाॅ. एस.एल. थाउसेन की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेल संचालक डाॅ. थाउसेन ने प्रतियोगिता में भागीदारी कर रहे खिलाड़ियों और आॅफिसियल्स के लिए की गई सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को कार्यवाही करने के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।