हॉकी:भारतीय महिला टीम ने आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया

नवनीत कौर ने दो गोल किए, भारत ने 5 मैच के दौरे पर 3 मुकाबले जीते



नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड दौरा जीत के साथ खत्म किया। भारतीय टीम ने आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया। भारतीय स्ट्राइकर नवनीत कौर ने दो गोल किए। टीम 7 फरवरी को स्वदेश लौटेगी। मैच के शुरुआती दो क्वार्टर में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। नवनीत ने 45वें मिनट में गोल कर भारत का खाता खोला। शर्मिला ने 54वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। नवनीत ने आखिरी सीटी बजने से पहले एक गोल और कर भारत को 3-0 की अजेय बढ़त दिला दी।



दैनिक भास्कर के अनुसार भारतीय टीम के मुख्य कोच श्योर्ड मरिने ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि हमने आखिरी मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन गोल किए। इस दौरे से हमें भली भांति पता चल गया कि कहां सुधार की जरूरत है। हमें तेज हॉकी खेलनी होगी। कई बार खिलाड़ी लंबे समय तक गेंद को घुमाती रहती हैं, जिससे दबाव बन जाता है। हमें छोटे पास देने होंगे। डिफेंस को थोड़ा और संयम बरतना होगा। हम छोटे ब्रेक के बाद चार हफ्ते के एक कैंप में हिस्सा लेंगे। यह कैंप जल्द ही बेंगलुरू में शुरू होगा। इन पहलुओं पर उस कैंप में काम किया जाएगा। इसमें टोक्यो ओलिंपिक को देखते हुए भी तैयारी की जाएगी।’ भारतीय टीम ने 5 मैच के इस दौरे के पहले मैच में न्यूजीलैंड की युवा टीम को 4-0 से हराया था। इसके बाद उसे न्यूजीलैंड की सीनियर टीम के खिलाफ 1-2 और 0-1 से हार मिली थी। भारतीय टीम ने चौथे मैच में ब्रिटेन को 1-0 से हराया था।