इंदौर को मिली मि. इंडिया बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप की मेजबानी


भारतीय महासंघ के महासचिव ने किया ऐलान, देश भर के खिलाड़ी करेंगे शिरकत


इंदौर, 6 फरवरी। शहर में बॉडी बिल्डिंग की सबसे बड़ी प्रतियोगिता   मि. इंडिया चैंपियनशिप का आयोजन अगले माह 20 से 22 मार्च तक  किया जा रहा है। चैंपियनशिप में कुल 40 लाख रुपए की इनामी राशि दांव पर रहेगी।


इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन के तत्वावधान में राज्य शरीर सौष्ठव संस्था उज्जैन, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप में देश के नामी सीनियर पुरुष व महिला बॉडी बिल्डिर हिस्सा लेंगे। म.प्र. ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला, इंडियन बॉडी बिल्डिर्स फेडरेशन के महासचिव चेतन पठार ने बताया कि इंदौर में होने वाली यह 13वीं मि. इंडिया चैंपियनशिप होगी, जिसमें पुरुष व महिला बॉडी बिल्डिंग, 8वीं मेन्स स्पोट्र्स फिजिक और वूमन मॉडल फिजिक की नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन होगा। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में कई सेमिनार और बैठकें भी होंगी। चैंपियनशिप में कुल 40 लाख रुपए के नगद इनाम दिए जाएंगे।


म.प्र. शरीर सौष्ठव संस्था के अध्यक्ष प्रेम सिंह यादव व सचिव अतिन तिवारी ने बताया कि इस चैंपियनशिप में फेडरेशन से संबंधित 45 संघों, केंद्र शासित प्रदेशों और सरकारी खेल बोर्ड की टीमें हिस्सा लेंगी। जिसमें 600 खिलाड़ी और लगभग 300 ऑफिशियल हिस्सा लेंगे। तीन दिनों तक सभी खिलाडिय़ों और ऑफिशियलों को शहर की प्रतिष्ठित होटलों में ठहराया जाएगा। मुख्य आयोजन सयाजी के अंबर कन्वेंशन सेंटर में होगा। आयोजन से जुड़े समीर व्यास, जगदीश जेठवा, शैलेंद्र व्यास, शिवशंकर ठाकुर ने बताया कि सभी खिलाडिय़ों को शहर में सर्वोत्तम सुविधाएं दी जाएंगी। प्रदेश के खिलाडिय़ों ने भी इस स्पर्धा के लिए तैयारियां शुरू कर दी है और अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने को लेकर वे पूर जोर मेहनत कर रहे है।