तीरंदाजी खिलाड़ी मुस्कान, रागिनी और अनुराधा करेंगी एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व


भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी मुस्कान किरार, रागिनी मार्को और अनुराधा अहिरवार बैंकाक (थाईलैण्ड) में 8 से 15 मार्च, 2020 तक आयोजित एशिया कप स्टेज वन तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इन खिलाड़ियों ने 11 से 13 फरवरी, 2020 तक सोनीपत हरयाणा में आयोजित भारतीय टीम के चयन ट्रायल में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रतिभा प्रदर्शन किया जिसके चलते इन खिलाड़ियों का एशिया कप के लिए चयन हुआ है।


चयनित खिलाड़ियों को खेल और युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी एवं संचालक खेल डाॅ. एस.एल. थाउसेन ने बधाई दी है और एशिया कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी है। यह तीनों खिलाड़ी मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक श्री रिचपाल सिंह सलारिया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत हैं।


उल्लेखनीय है कि अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी मुस्कान किरार विगत दो बार की एशिया कप चैम्पियन है जिन्होंने वर्ष 2018 में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक एवं 2019 में एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक देश को दिलाया। इसी तरह रागिनी मार्को ने वर्ष 2019 में जूनियर वल्र्ड चैम्पियनशिप में मिक्स्ड टीम इवेन्ट में स्वर्ण पदक देश को दिलाया। अनुराधा अहिरवार सबसे कम उम्र (16 वर्ष) की खिलाड़ी हैं जिनका पहली बार भारतीय तीरंदाजी टीम में चयन हुआ है।