IPL: कोहली के निशाने पर कई रिकॉर्ड


  • विराट इस सीजन तोड़ सकते हैं ये 4 रिकॉर्ड

  • 9000 टी20 रन वाले बन सकते हैं पहले भारतीय


भोपाल।  इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 का 13वां सीजन 29 मार्च से शुरू होना था, लेकिन कोरोनावायरस के चलते इसे 15 अप्रैल तक टाल दिया गया है। सूत्रों की मानें तो इसके शुरू होने की कटऑफ डेट 20 अप्रैल है। देश में जिस तरह से कोरोनावायरस के संक्रमित मरीजों के स्वास्थ्य पर नियंत्रण पाया जा रहा है, उसे देखते हुए आईपीएल के 15 से 20 अप्रैल तक शुरू होने की उम्मीद की जा सकती है। टूर्नामेंट के इस सीजन फैंस की जिन खिलाड़ियों पर विशेष नजर रहने वाली है, उनमें से एक भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली भी हैं। आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की कमान विराट कोहली के ही हाथों में है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विराट कोहली अपनी अगुआई में एक बार भी टीम को आईपीएल चैंपियन नहीं बना पाए हैं। हालांकि, उनके पास इस बार ऐसा करने का मौका होगा। इसके अलावा उनके निशाने पर कई अन्य निजी रिकॉर्ड भी होंगे।  विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के लिए अब तक 191 छक्के लगा चुके हैं। यह आईपीएल में एक टीम के लिए किसी भारतीय की ओर से लगाए सबसे ज्यादा छक्के हैं। यदि वे इस आईपीएल में 9 छक्के और लगा लेते हैं तो किसी एक टीम के लिए 200 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। हालांकि, ओवरऑल बात करें तो महेंद्र सिंह धोनी 209 छक्कों के साथ पहले नंबर पर हैं। रोहित शर्मा और सुरेश रैना ने नाम 194-194 छक्के हैं। विराट कोहली टी20 मैचों में अब तक 8900 रन बना चुके हैं। वे टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय हैं। उनके बाद रोहित शर्मा का नंबर है। रोहित के 8642 रन हैं। विराट यदि इस आईपीएल में 100 रन और बना लेते हैं तो वे टी20 में नौ हजार या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। विराट ने अब तक 281 टी20 मैच में 41.20 के औसत से रन बनाए हैं। इसमें उनके 5 शतक हैं।
विराट कोहली चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 747 रन बना चुके हैं। आईपीएल में चेन्नई के खिलाफ किसी एक खिलाड़ी के यह सबसे ज्यादा रन हैं। इस मामले में भी रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं। रोहित के चेन्नई के खिलाफ 705 रन हैं। विराट यदि इस सीजन में चेन्नई के खिलाफ 53 या उससे ज्यादा रन बना लेते हैं तो वे चेन्नई के खिलाफ 800 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर बन जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों के लिए विराट कोहली और चिन्नास्वामी स्टेडियम के बीच संबंध पुराना नहीं है। बेंगलुरु के इस मैदान पर 2762 टी20 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस मैदान पर 36.66 के औसत से रन बनाए हैं। इसमें 16 अर्धशतक भी शामिल हैं। यदि वे इस आईपीएल चिन्नास्वामी स्टेडियम पर 238 रन और बना लेते हैं तो एक मैदान पर 3000 टी20 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।