पिता को खो देने वाली अमी ने हिम्मत नहीं हारी और आज वर्ल्ड नंबर 2 

भोपालः एशियन चैम्पियनशिप 2018 में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाली पहली भारतीय महिला स्नूकर खिलाड़ी अमी कमानी ने पिछले दिनों अहमदाबार में खेली गई चतुर्थ राष्ट्रीय सिक्स रेड स्नूकर चैम्पियनशिप में लगातार चैथी बार राष्ट्रीय खिताब जीतने वाली स्नूकर खिलाड़ी अमी कमानी ने टी.टी. नगर स्टेडियम में संचालक खेल और युवा कल्याण व्ही.के. सिंह से भेंट की। खेल संचालक सिंह ने अमी कमानी को राष्ट्रीय सिक्स रैड स्नूकर चैम्पियनशिप की विजेता बनने पर बधाई दी और उन्हें आगे भी इसी तरह के प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी। राष्ट्रीय सिक्स रेड स्नूकर चैम्पियनशिप में अमी कमानी ने क्वाटर फायनल मुकाबले में कर्नाटक की खिलाड़ी उमादेवी को 3-2 से, सेमी फायनल में महाराष्ट्र की अरान्सा को 4-3 से और फायनल मुकाबले में कर्नाटक की खिलाड़ी विद्या पिल्लई को 4-2 से शिकस्त देकर लगातार चैथी बार राष्ट्रीय खिताब जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। स्नूकर खिलाड़ी अमी कमानी ने 15 रेड स्नूकर, 6 रेड स्नूकर और बिलियर्डस को मिलाकर अबतक कुल नौ खिताब जीते है।



अमी ने संघर्ष के बाद पाई सफलता
अमी कमानी वर्तमान में सिक्स रैड वल्र्ड रैंकिंग नम्बर-2 स्नूकर खिलाड़ी है। अमी कमानी ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश को एक स्वर्ण, 5 रजत और 10 कांस्य सहित 16 पदक दिलाएं है। जबकि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 9 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित 13 पदक जीतकर मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इंदौर के मध्यमवर्गीय परिवार की अमी कमानी ने काफी संघर्ष के बाद सफलता की ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने 2011 में स्नूकर खेल की शुरूआत की। दृढ़ इच्छा शक्ति के चलते इंडिया नम्बर-3 खिलाड़ी बनने तक का सफर अमी कमानी ने बिना किसी कोच के बलबूते पूरा किया। अपने अभिभावकों के भरपूर सहयोग की बदौलत अमी कमानी ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर स्वयं को अच्छा खिलाड़ी साबित किया। वह बताती है कि पेरेन्ट्स के सपोर्ट से मुझे आगे बढ़ने, संघर्ष कर अपने देश और प्रदेश के लिए पदक जीतने की प्रेरणा मिली। वर्ष 2013 में अपने पिता को खो देने वाली अमी ने हिम्मत नहीं हारी और साबित कर दिखाया कि मध्य प्रदेश में स्नूकर खेल की ऐसी प्रतिभा है जिसने वर्तमान में वर्ल्ड  रैंकिंग में नम्बर दो का मुकाम हासिल किया है। वर्ष 2015 में मध्य प्रदेश शासन द्वारा अमी कमानी की उत्कृष्ट उपलब्धियों के कारण उन्हें विक्रम पुरस्कार से नवाजा गया। जनवरी, 2020 में खेल और युवा कल्याण विभाग में अमी कमानी शासकीय नियुक्ति प्रदान की गई।