प्रदेश की खेल गतिविधियों पर कोरोना का कहर, 31 तक स्थगित

भोपाल।  कोरोना वायरस के बढ़त प्रभाव के कारण प्रदेशभर के खेल परिसरों में 31 मार्च तक सभी खेल गतिविधियां स्थगित कर दी गई हैं। साथ ही सभी राज्य खेल अकादमियों के बोर्डिंग और डे बोर्डिंग खिलाडिय़ों को अवकाश पर अपने-अपने घर भेज दिया गया है। यह फैसला रविवार को आयोजित बैठक में लिया गया।
तात्या टोपे स्टेडियम में रविवार को अधिकारियों ने आनन-फानन में कोचों और वार्डन की बैठक बुलाई। इसमें संयुक्त संचालक डॉ. विनोद प्रधान ने जल्द से जल्द खिलाडिय़ों को अपने-अपने घर भेजने की व्यवस्था करने को कहा। सभी जिला खेल अधिकारियों को आदेश जारी किए गए, जिसमें सभी खेल संस्थाओं को 31 मार्च तक खेल गतिविधियां न करने का उल्लेख था। आदेश के अनुसार, भोपाल समेत प्रदेश के सभी जिलों में खेल अवकाश घोषित किया गया। जिलों में संचालित अकादमियों के खिलाडिय़ों को भी अवकाश पर भेजने के लिए कहा गया है। इसके अलावा राजधानी भोपाल में मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम पर 16 से 22 मार्च तक होने वाले हॉकी गोल कीपर कोचिंग कैम्प को भी स्थगित कर दिया है। जबकि हर साल एक अप्रैल से लगने वाले समर कैंप को पहले ही टाल दिया गया था। इधर, बीडीसीए ने भोपाल सीनियर क्रिकेट टीम के ट्रायल भी आगे बढ़ा दिए हैं। जो 25 मार्च को होने थे।