वीके सिंह ने दिए संकेत, खेल गतिविधियों में आएगी तेजी


  • नवनियुक्त संचालक वीके सिंह ने दिए संकेत

  • पदभार ग्रहण करते ही अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी ली


 


भोपाल. मध्यप्रदेश में खेल गतिविधियों और योजनाओं के संचालन में और सुधार आएगा। इसके लिए नवनियुक्त संचालक खेल वीके सिंह ने शुक्रवार को संकेत दिए। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी व्हीके सिंह जब संचालक खेल और युवा कल्याण का पद भार ग्रहण करने पहुंचे तो उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद अधिकारियों से विभागीय योजनाओं और खेल गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।  गौरतलब है कि सिंह वर्ष 2014 में भी संचालक खेल और युवा कल्याण के पद पर कार्य कर चुके हैं, इसलिए वे विभागीय संरचना को समझने में समय व्यर्थ न करते हुए सीधे खेल गतिविधियों और योजनाओं के क्रियान्वयन पर अपना ध्यान लगाएंगे। 
बता दें कि राज्य शासन द्वारा 1984 बैच के आईपीएस अधिकारी वीके सिंह को संचालक खेल और युवा कल्याण के पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके पूर्व वे डीजीपी मध्य प्रदेश रहे हैं। वीके सिंह डीजी जेल, डीजी होमगार्ड, चेयरमैन म प्र पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन,  एडीजी एसएएफ, एडीजी योजना प्रबंध, एडीजी अजाक, आईजी  सीआईडी, आईजी जबलपुर आदि महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 
शुक्रवार दोपहर संयुक्त संचालक एवं प्रभारी संचालक डॉ. विनोद प्रधान ने वीके सिंह को खेल संचालक का कार्य भार सौंपा। नवागत खेल संचालक सिंह के खेल और युवा कल्याण संचालनालय पहुंचने पर संयुक्त संचालक डॉ विनोद प्रधान एवं बीएस यादव सहित अन्य अधिकारियों ने  पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।