विजडन अवॉर्ड / कोहली के दबदबे को खत्म कर स्टोक्स लीडिंग क्रिकेटर ऑफ द ईयर बने, 15 साल बाद इंग्लैंड के किसी खिलाड़ी को यह सम्मान मिला


इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स भारतीय कप्तान विराट कोहली की 3 साल की बादशाहत को खत्म कर 2019 के लिए विजडन लीडिंग क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए। 15 साल बाद इंग्लैंड के किसी खिलाड़ी को यह सम्मान मिला। पिछली बार 2005 में विजडन ने एंड्रयू फ्लिंटॉफ को साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना था। कोहली 2016, 2017 और 2018 में लगातार तीन साल लीडिंग क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए थे। हालांकि, इस बार किसी भी भारतीय को इस लिस्ट में जगह नहीं मिली है।


28 साल के स्टोक्स ने 2019 में इंग्लैंड की वनडे वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाई थी। स्टोक्स के नाबाद 135 रन की बदौलत इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को हेडिंग्ले में तीसरे एशेज टेस्ट में एक विकेट से हराया था। स्टोक्स ने 2019 में टेस्ट में 821, जबकि वनडे में 719 रन बनाए।


ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ियों को सम्मान मिला


महिलाओं में यह सम्मान ऑस्ट्रेलिया की एलिसा पैरी को मिला। पैरी को विजडन के साल के पांच क्रिकेटरों में भी जगह मिली है। पैरी ने पिछले वर्ष ऑस्ट्रेलिया की इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज जीत में सबसे ज्यादा रन बनाने के साथ सर्वाधिक विकेट भी लिए थे। वे 2016 में भी साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुनी गईं थीं। पैरी इस सूची में शामिल तीन ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों में से एक हैं। उनके अलावा मार्नस लबुशाने, पैट कमिंस को भी विजडन ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना है।


कमिंस ने 2019 में टेस्ट में सबसे ज्यादा 59 विकेट लिए


कमिंस ने 2019 में टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। उन्होंने 12 टेस्ट में 59 विकेट लिए, जबकि लाबुशाने ने 11 मैच में सबसे ज्यादा 1104 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत भी 65 के करीब रहा।