गोमती मारिमुथु पर 4 साल का बैन

नई दिल्ली। गोमती मारिमुथु पर चार साल का बैन लगा दिया गया है। उनसे साथ ही 2019 एशियाई चैम्पियनशिप में जीता गया गोल्ड मेडल भी छीन लिया गया है। एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (एआईयू) ने शुक्रवार को इस बात की जानकारी दी। एआईयू ने कहा कि 31 साल की भारतीय धावक को मई 2023 तक बैन किया गया है और पिछले साल दो महीने की समय सीमा में सभी रेसों में अयोग्य घोषित कर दिया गया है।]



गोमती को 2019 एशियाई चैम्पियनशिप में एनाबोलिक स्ट्रायड नानड्रोलोन के सेवन का दोषी पाया गया था। उनका बी सैम्पल भी पॉजिटिव पाए जाने के बाद शुक्रवार को यह फैसला लिया गया। इसके बाद उनके तीन और टेस्ट पॉजिटिव पाए गए हैं। 18 मार्च से 17 मई 2019 के बीच उन्होंने जितने भी टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था, उसमें उनकी भागीदारी को रद्द कर दिया गया है। गोमती अब खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) में इस फैसले के खिलाफ अपील कर सकती हैं। स्पोर्ट्सस्टार के मुताबिक गोमती ने कहा, 'मैं आगे अपील करूंगी। मुझे इसके लिए स्टेट गवर्नमेंट की मदद चाहिए। मुझे इस बात का भरोसा है कि मैंने कोई प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन नहीं किया है। मैंने जो नॉनवेज खाना खाया था यह उसमें पाया जा सकता है।'