खेल मंत्रालय ने 54 राष्ट्रीय खेल महासंघों की मान्यता वापस ली


नई दिल्ली। दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देश पर खेल मंत्रालय ने 54 राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को दी गई वार्षिक मान्यता गुरुवार को वापस ले ली।लाइव हिंदुस्तान के अनुसार अदालत ने बुधवार को मंत्रालय को आदेश दिया कि वह अस्थायी मान्यता को वापस ले जो उसने 11 मई को 54 एनएसएफ को दी थी। अदालत ने साथ ही कहा कि मंत्रालय ने सात फरवरी के उसके आदेश का पालन नहीं किया और अदालत को कोई सूचना दिए बिना ही अपना फैसला ले लिया।


खेल मंत्रालय के उप सचिव एसपीएस तोमर ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के महानिदेशक संदीप प्रधान को लिखे पत्र में कहा, “मंत्रालय का वर्ष 2020 के लिए 54 राष्ट्रीय खेल महासंघों की वार्षिक मान्यता बढ़ाने के संदर्भ में 02.06.2020 का पत्र, माननीय दिल्ली उच्च न्यायालय के 24.06.2020 के आदेश के अनुपालन में वापस लिया जाता है।”कोर्ट ने बुधवार को अपने आदेश में यह भी कहा कि मंत्रालय दो दिन के अंदर नोटिस जारी करके संबंधित सभी 54 राष्ट्रीय खेल महासंघों को सूचित करे कि 30.09.2020 तक अस्थाई मान्यता बढ़ाने का आदेश वापस लिया जा रहा है।


गौरतलब है कि खेल मंत्रालय ने इस माह 54 राष्ट्रीय खेल महासंघों की अस्थायी मान्यता को पूरे वर्ष के बजाए 30 सितंबर तक बढ़ाने की घोषणा की थी। खेल मंत्रालय की ओर से यह वार्षिक मान्यता मिलने के बाद एनएसएफ को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए सरकारी आर्थिक मदद मिलती है।