खेल विभाग़ ने मुन्नालाल और इकबाल को सेवानिवृत्ति पर दी भावभीनी बिदाई


भोपाल। टी. टी. नगर स्टेडियम भोपाल स्थित संचालनालय खेल और युवा कल्याण में पदस्थ प्रभारी प्रशासनिक अधिकारी मुन्नालाल कन्नौजी और सहायक ग्रेड-1 इकबाल खान को ३० जून को सेवा निवृत्त होने पर विभागीय अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा भावभीनी बिदाई दी गई।बिदाई कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त हुए श्री कन्नौजी और श्री खान के सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों का स्मरण करते हुए उन्हें दीर्घायु और सुखमय जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।  
      
संचालक खेल और युवा कल्याण व्ही के सिंह द्वारा। श्री कन्नौजी और श्री खान को शाल, श्रीफल, पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। खेल संचालक श्री सिंह ने श्री कन्नौजी और श्री खान द्वारा शासकीय सेवा अवधि में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें दीर्घायु और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।इस अवसर पर संयुक्त संचालक डॉ विनोद प्रधान और बीएस यादव सहित संचालनालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


प्रभारी प्रशासनिक अधिकारी मुन्नालाल कन्नौजी ने 10 अक्टूबर, 1979 को जिला  पंचायत एवं समाज सेवा अधिकारी कार्यालय शिवपुरी में सहायक ग्रेड-3 के पद पर कार्यभार ग्रहण कर शासकीय सेवा की शुरुआत की।  वर्ष 1983 से वे ग्वालियर में उच्च श्रेणी लिपिक, लेखापाल और ऑडिटर के पद पर पदोन्नत हुए। वर्ष 2010 मे वरिष्ठ ऑडिटर के पद पदोन्नत होकर वे  खेल संचालनालय में नियुक्त हुए। उन्हें 2014 में अधीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया।  वे 40 वर्ष 8 माह और 22 दिन शासकीय सेवा उपरांत आज सेवानिवृत्त हुए।


 इकबाल खान ने अपनी शासकीय सेवा की शुरुआत 19 सितंबर ,1979 को सहायक  ग्रेड-3  के पद पर जिला पंचायत एवं समाज सेवा अधिकारी कार्यालय शाजापुर से की। जुलाई, 1983 को वे सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदोन्नति उपरांत खेल संचालनालय में पदस्थ हुए। मई, 1996 में श्री खान सहायक ग्रेड-1 के पद पर पदोन्नत हुए। श्री खान 40 वर्ष 9 माह और 11 दिवस की शासकीय सेवा पूर्ण कर आज सेवानिवृत्त हुए।