पवन जैन ने खेल संचालक का पदभार संभाला,खेल अकादमियों का अवलोकन किया


विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की,खेल अकादमियों का भ्रमण कर खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं और खेल सुविधाओं का अवलोकन किया। 


भोपाल। विशेष पुलिस महानिदेशक पवन कुमार जैन ने आज संचालक खेल और युवा कल्याण का पद भार गृहण कर लिया। जहाँ अधिकारियों,खिलाड़ियों एव खेल प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक एवं प्रभारी संचालक डॉ. विनोद प्रधान ने श्री जैन को खेल संचालक का कार्य भार सौंपा। बाद में श्री जैन ने खेल अकादमियों का भ्रमण कर खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं और खेल सुविधाओं का अवलोकन किया। 


 खेल अधिकारियों ने स्वागत किया
 राज्य शासन द्वारा 1987 बैच के आई.पी.एस. अधिकारी श्री जैन को संचालक खेल और युवा कल्याण के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके पूर्व वे विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) के पद पर कार्यरत थे। नवागत खेल संचालक पवन कुमार जैन के खेल और युवा कल्याण संचालनालय पहुंचने पर संयुक्त संचालक डॉ. विनोद प्रधान एवं  बी. एस. यादव सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।खेल संचालक पवन कुमार जैन ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।



कोविड-19 संक्रमण के बचाव की जानकारी ली 
श्री जैन ने कोविड-19 संक्रमण के बचाव हेतु विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं के साथ ही विभागीय योजनाओं और खेल गतिविधियों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक जानकारी हासिल की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


 खेल व्यवस्थाओं का जायजा लिया 
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत संचालक खेल और युवा कल्याण श्री जैन ने टी.टी. नगर स्टेडियम परिसर स्थित विभिन्न खेल अकादमियों का भ्रमण कर खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं और खेल सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मार्शल आर्ट हाॅल, साइंस स्पोट्र्स सेंटर, बैडमिंटन हाॅल, कराते, फेंसिंग और व्हीएलसीसी अकादमी, बिलियर्ड-स्नूकर हाॅल एवं जिम का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की जानकारी हासिल की। इस अवसर पर संयुक्त संचालक द्वय डाॅ. विनोद प्रधान एवं बी.एस. यादव सहित अन्य अधिकारी और खेल प्रशिक्षक उपस्थित थे।  



राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित
 वर्ष 2003 में उन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा वर्ष 2013 में विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।भारतीय पुलिस सेवा में 1987 बैच के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी श्री पवन कुमार जैन सिविल सेवा परीक्षा 1986 में भौतिक शास्त्र जैसे विशुद्ध विज्ञान विषय को हिन्दी माध्यम में लिखकर चयनित होने वाले भारतीय पुलिस सेवा के पहले अधिकारी हैं। 


विदिशा, सरगुजा, खरगौन, मुरैना तथा सीहोर जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में सफलतापूर्वक कार्य कर चुके श्री पवन कुमार जैन उप पुलिस महानिरीक्षक, विशेष सशस्त्र बल एवं अपराध अनुसंधान विभाग, अतिरिक्त सचिव मुख्यमंत्री सचिवालय तथा आयुक्त संस्कृति एवं राजभाषा एवं न्यासी सचिव भारत भवन भोपाल में पदस्थ रहे हैं। श्री जैन पुलिस महानिरीक्षक एवं प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उज्जैन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक योजना तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त के पद पर रहकर अपने दायित्वों का संजीदगी और कुशलता के साथ निर्वहन कर चुके हैं।



समाजसेवी भी हैं श्री जैन 
खेल प्रेमी और साहित्यिक अभिरूचि रखने वाले पवन कुमार जैन अपनी मातृभूमि चंबल क्षेत्र में सेवा कार्यों से जुडे हैं। उन्होंने 21 विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से देश के प्रख्यात चिकित्सकों द्वारा मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के 50 हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों के नेत्र एवं दंत तथा पोलियो आपरेशन कराकर लाभ पहुंचाया हैं। श्री जैन को समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्य के लिए 1997 में टी.पी. झुनझुनवाला समाजसेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।