कलेक्टर,खेल संचालक,डीआईजी सहित खिलाड़ियों ने किया पौधरोपण,पूर्व रणजी खिलाड़ी हुए सम्मानित


भोपाल।बाॅबे अली खेल परिसर में आज कलेक्टर अविनाश लवानिया,संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन, डीआईजी इरशाद वली सहित अन्य अधिकारियों के साथ ही  खिलाड़ियों ने पौधरोपण किया।इस अवसर पर अतिथियों द्वारा मध्य प्रदेश के पूर्व रणजी क्रिकेट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।


पौधरोपण कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भोपाल के खिलाड़ियों ने अपनीे अलग पहचान बनाई है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों के विकास में जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंनेे स्वच्छ पर्यावरण और हरियाली बढ़ाने के लिए खेल विभाग द्वारा चलाए जा रहे पौध रोपण अभियान की सराहना की।


संचालक खेल और युवा कल्याण  पवन कुमार जैन ने कोरोना काल में स्वच्छ पर्यावरण और हरियाली बढ़ाने की जरूरत बताते हुए कहा ‘‘सांसे हो रही कम, आओ पौधे लगाएं हम’’ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से खेल विभाग द्वारा पौधरोपण को अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने  पेड़ों का महत्व रेखांकित करते हुए कहा कि ’मैंने चिड़िया पाली एक दिन उड़ गई,  फिर गिलहरी पाली वह भी चली गई, फिर मैंने एक पेड़ लगाया और दोनों वापस आ गए’। 


उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ किला, संस्था ग्वालियर द्वारा पौधरोपण के लिए निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अभियान के तहत भोपाल में मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी, घुड़सवारी अकादमी, और अंकुर खेल परिसर के अलावा प्रदेश के विभिन्न खेल परिसरों में पौधरोपण किया जाएगा।खेल संचालक श्री जैन ने बाॅबे अली स्टेडियम के जीर्णोद्धार हेतु हर संभव सहयोग के लिए खिलाड़ियों को आश्वस्त किया।


इस मौके पर अतिथियों द्वारा  पौधे भेंटकर  खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों में जावेद अंसारी, सोहेल अंसारी, संजय पांडे, बृजेश तोमर, फरहान अंसारी, हमीद मामू, मोहनीश मिश्रा, महेंद्र सातोकर, इकबाल सिद्दीकी, साद उद्दीन के अलावा खेल प्रशिक्षक ज्योति त्यागी एवं सुशील सिंह ठाकुर शामिल थे।प्रारंभ में संयुक्त संचालक खेल डॉ. विनोद प्रधान एवं बी. एस. यादव तथा उप संचालक जोस चाको ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।इस अवसर पर सहायक संचालक खेल विभाग श्रीमती वाणी साहू,  विकास खराडकर, जमील अहमद, के. के. खरे सहित क्रिकेट खिलाड़ी उपस्थित थे।