मल्लखंब प्रशिक्षक योगेश ने खेल संचालक पवन जैन और द्रोणाचार्य अवार्डी राजिन्दर सिंह से की मुलाकात 


भोपाल।भारत सरकार खेल और युवा कल्याण मंत्रालय द्वारा मध्य प्रदेश से द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए चयनित मल्लखम्ब प्रशिक्षक योगेश मालवीय ने आज टी.टी. नगर स्टेडियम पहुंचकर संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन तथा अर्जुन एवं द्रोणाचार्य अवार्डी म.प्र. पुरूष हाॅकी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक राजिन्दर सिंह से मुलाकात की। राजिन्दर सिंह ने योगेश मालवीय को द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए बधाई दी और उन्हें मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।


खेल संचालक पवन कुमार जैन ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा मल्लखम्ब खेल को राज्य खेल का दर्जा प्रदान किया गया है। मल्लखम्ब खेल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना मध्य प्रदेश की बड़ी उपलब्धि है। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा विश्वामित्र अवार्ड से सम्मानित योगेश मालवीय को भारत सरकार द्वारा 29 अगस्त, 2020 को राष्ट्रीय खेल दिवस पर सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को दिये जाने वाले द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित किया जायेगा।


योगेश मालवीय की उपलब्धियां
जिला खेल और युवा कल्याण कार्यालय शाजापुर में जिला संविदा मल्लखम्ब प्रशिक्षक के रूप में सेवारत योगेश मालवीय द्वारा अर्जित उपलब्धियां निम्नानुसार हैः- वर्ष 2008 में योगेश मालवीय द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ी पंकज सोनी को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा विक्रम अवार्ड से सम्मानित किया गया। वर्ष 2009 में लाल परेड ग्राउण्ड भोपाल में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मल्लखम्ब की शानदार प्रस्तुति के लिए प्रथम स्थान हासिल किया। वर्ष 2010 में रियलिटी शो ‘‘इंडियाज़ गाॅड टैलेंट’’ में मल्लखम्ब टीम ने योगेश मालवीय के नेतृत्व में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर दूसरा स्थान अर्जित किया। वर्ष 2012 में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा श्री योगेश मालवीय को सर्वश्रेष्ठ मल्लखम्ब प्रशिक्षक के लिए विश्वामित्र अवार्ड से सम्मानित किया गया।


वर्ष 2014 में श्री मालवीय द्वारा प्रशिक्षत खिलाड़ी चन्द्रशेखर  चौहान को विक्रम अवार्ड से पुरस्कृत किया गया। वर्ष 2017 में टी.व्ही. रियलिटी शो ‘‘इंडिया बनेगा मंच’’ में मल्लखम्ब की शानदार प्रस्तुति में प्रथम सेमी फायनल का खिताब जीता। वर्ष 2018 में  योगेश मालवीय द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ी कुमारी तरूणा चावरे को विश्वामित्र अवार्ड एवं चन्द्रशेखर  चौहान को स्व. श्री प्रभाष जोशी अवार्ड से सम्मानित किया गया। वर्ष 2018-19 में मुम्बई में आयोजित वर्ल्ड मल्लखम्ब चैम्पियनशिप में श्री मालवीय ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में भागीदारी की और उनके खिलाड़ियों ने टीम चैम्पियनशिप और व्यक्तिगत स्पर्धा में प्रथम स्थान अर्जित किया। 


वर्ष 20019 में दिल्ली के राजपथ पर आयोजित गणतन्त्र दिवस समारोह में भारतीय खेल प्राधिकरण की झाॅकी में मल्लखम्ब के शानदार प्रदर्शन के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2020 में खेलो इंडिया यूथ गेम्स, गुवाहाटी में भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक के रूप में भारतीय खेलों का प्रजेंटेशन में सहभागिता की। योगेश मालवीय ने एक सौ से अधिक अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, विश्व विद्यालयीन एवं राष्ट्रीय शालेय मल्लखम्ब प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक के रूप में भागीदारी की और खिलाड़ियों ने पदक अर्जित किए।