IPL 2020 DC vs KXIP: सुपर ओवर में  दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स XI पंजाब को हराया


दुबई | मार्कस स्टोइनिस ने पहले धमाकेदार पारी खेली और बाद में आखिरी दो गेंदों पर दो विकेट लिए जिससे दिल्ली कैपिटल्स ने हार के कगार पर पहुंचने के बावजूद रविवार को यहां किंग्स इलेवन पंजाब को सुपर ओवर में हराकर 13वें इंडियन प्रीमियर लीग में अपना खाता खोला। स्टोइनिस ने सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 21 गेंदों पर 53 रन बनाए जिससे दिल्ली अंतिम तीन ओवरों में 57 रन जुटाकर आठ विकेट पर 157 रन बनाने में सफल रहा। इसके साथ ही उन्होंने 29 रन देकर दो विकेट भी हासिल किए।



लाइव हिंदुस्तान के अनुसार स्टोइनिस को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' करार दिया गया। इससे पहले कप्तान श्रेयस अय्यर (32 गेंदों पर 39, तीन छक्के) और ऋषभ पंत (29 गेंदों पर 31, चार चौके) ने चौथे विकेट के लिए 73 रन जोड़कर टीम को तीन विकेट पर 13 रन से उबारा था। किंग्स इलेवन की तरफ से मयंक अग्रवाल (60 गेंदों पर 89 रन, सात चौके, चार छक्के) ने संयम और आक्रामकता का अच्छा नजारा पेश किया और आईपीएल में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया। उनकी इस पारी से किंग्स इलेवन ने पांच विकेट पर 55 रन से उबरकर आठ विकेट पर 157 रन बनाए। रविचंद्रन अश्विन के पहले ओवर के बाद ही चोटिल होने का भी किंग्स इलेवन को फायदा मिला।


किंग्स इलेवन को अंतिम ओवर में 13 रन चाहिए थे। अग्रवाल ने स्टोइनिस (29 रन देकर दो) की पहली गेंद पर छक्का लगाया और इसके बाद क्रिस जोर्डन के साथ विकेटों के बीच दौड़ से स्कोर बराबर कर दिया। अब दो गेंद पर एक रन की जरूरत थी लेकिन अग्रवाल पांचवीं गेंद पर सीमा रेखा पर कैच दे बैठे। अगली गेंद पर जोर्डन भी कैच दे बैठे और मैच सुपर ओवर तक खिंच गया। 


सुपर ओवर में किंग्स इलेवन ने दो रन दोनों विकेट गंवा दिए। कैगिसो रबाडा ने केएल राहुल और निकोलस पूरण को लगातार गेंदों पर आउट किया। दिल्ली कैपिटल्स ने आसानी से जीत दर्ज की। इससे पहले कप्तान राहुल (19 गेंदों पर 21) ने शुरू में रन जुटाये लेकिन उनके मोहित शर्मा की गेंद पर बोल्ड होने से किंग्स इलेवन की पारी लड़खड़ा गयी। क्रिस गेल को टीम में नहीं रखना भी उसे भारी पड़ा।


अश्विन (दो रन देकर दो) ने छठे ओवर में गेंद संभाली जिसमें उन्होंने दो विकेट लिए और आखिर में चोटिल होकर मैदान भी छोड़ा। उन्होंने अपने इस ओवर में करुण नायर और पूरण को पवेलियन भेजा लेकिन आखिरी गेंद पर रन रोकने के प्रयास में उनके कंधे पर चोट लग गई। रबाडा (28 रन देकर दो) ने ग्लेन मैक्सेवल को आयाराम गयाराम बनाया। अक्षर पटेल ने कसी हुई गेंदबाजी की और 14 रन देकर सरफराज खान (12) का विकेट भी लिया। अग्रवाल ने एक छोर संभाले रखा और कृष्णप्पा गौतम (20) के साथ छठे विकेट के लिये 46 रन जोड़े।


अग्रवाल ने मोहित पर छक्का जड़कर 45 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस ओवर में एक और छक्का जड़कर उन्होंने गेंद और रनों के बीच का अंतर कम किया। इसके बाद उन्होंने रबाडा पर भी दो चौके लगाए। इससे पहले दिल्ली की पारी का आकर्षण स्टोइनिस का धमाल रहा। दिल्ली 17 ओवर में तिहरे अंक में पहुंचा। इसके बाद स्टोइनिस ने जोर्डन को निशाने पर रखा और उन पर 18वें ओवर में छक्का और चौका जड़ने के बाद इस गेंदबाज के पारी के आखिरी ओवर में दो छक्के और तीन चौकों लगाये। उन्होंने केवल 20 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। जोर्डन के इस ओवर में 30 रन बने।


स्टोइनिस के धमाल से पहले दिल्ली के लिये कुछ भी अनुकूल नहीं लग रहा था। उसने टास गंवाया और जल्द ही उसका स्कोर तीन विकेट पर 13 रन हो गया। दिल्ली के गेंदबाजों ने उस पर मजबूत शिकंजा कस दिया था। मोहम्मद शमी ने 15 रन देकर चार विकेट लिये जबकि आईपीएल में पदार्पण कर रहे लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने भी प्रभाव छोड़ा और 22 रन देकर एक विकेट लिया। शेल्डन कोटरेल (24 रन देकर दो) ने भी पहले तीन ओवरों में प्रभावशाली गेंदबाजी की।


शमी की गेंदों पर दो कैच छूटे तब भी उन्होंने पृथ्वी साव (पांच) और शिमरोन हेटमायर (सात) के विकेट लिये जबकि शिखर धवन रन आउट हुए। पहले छह ओवर में केवल 23 रन बने जबकि दस ओवर तक स्कोर 49 रन था। अय्यर ने गौतम पर तीन दर्शनीय छक्के लगाये लेकिन पंत और वह तीन गेंद के अंदर आउट हो गए। बिश्नोई ने पंत को गुगली पर बोल्ड किया। इसके बाद शमी अपना आखिरी ओवर करने के लिये आये और उन्होंने आते ही अय्यर को मिडऑफ पर कैच देने के लिए मजबूर किया। आलम यह था कि दिल्ली का स्कोर 17 ओवर में तिहरे अंक में पहुंचा लेकिन इसके बाद स्टोइनिस ने पूरा परिदृश्य बदल दिया।


किंग्स इलेवन पंजाब बल्लेबाजी
    केएल राहुल बो मोहित शर्मा 21
    मयंक अग्रवाल का हेटमायर बो स्टोइनिस 89
    करुण नायर का सॉव बो अश्विन 01
    निकोलस पूरण बो अश्विन 00
    ग्लेन मैक्सवेल का अय्यर बो रबाडा 01
    सरफराज खान का सॉव बो अक्षर 12
    कृष्णप्पा गौतम का पंत बो रबाडा 20
    क्रिस जोर्डन का रबाडा बो स्टोइनिस 05
    मोहम्मद शमी नाबाद 00
    अतिरिक्त (लेग बाई 06, नोबाल 01, वाइड 01) 08
    कुल (20 ओवर में, आठ विकेट पर) 157
    विकेट पतन : 1-30, 2-33, 3-34, 4-35, 5-55, 6-101, 7-157, 8-157
    दिल्ली कैपिटल्स गेंदबाजी 
    नोर्जे 4-0-33-0
    मोहित शर्मा 4-0-45-1
    रबाडा 4-0-28-2
    अश्विन 1-0-2-2
    अक्षर पटेल 4-0-14-1
    स्टोइनिस 3-0-29-2


दिल्ली कैपिटल्स बल्लेबाजी
    पृथ्वी सॉव का जोर्डन बो शमी 05
    शिखर धवन रन आउट 00
    शिमरोन हेटमायर का अग्रवाल बो शमी 07
    श्रेयस अय्यर का जोर्डन बो शमी 39
     ऋषभ पंत बो बिश्नोई 31
    मार्कस स्टोइनिस रन आउट 53
    अक्षर पटेल का राहुल बो कोटरेल 06
    रविचंद्रन अश्विन का शमी बो कोटरेल 04
    कैगिसो रबाडा नाबाद 00
    एनरिच नोर्जे नाबाद 03
    अतिरिक्त (बाई 01, नोबाल 02, वाइड 06) 09
    कुल (20 ओवर में, आठ विकेट पर) 157
    विकेट पतन : 1-6, 2-9, 3-13, 4-86, 5-87, 6-96, 7-127, 8-154
    किंग्स इलेवन पंजाब गेंदबाजी 
    कोटरेल 4-0-24-2
    शमी 4-0-15-3
    जोर्डन 4-0-56-0
    गौतम 4-0-39-0
    बिश्नोई 4-0-22-1