जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने कहा अगले साल ओलंपिक और पैरालम्पिक कराने के लिए प्रतिबद्ध 



टोक्यो | जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने संयुक्त राष्ट्र आम सभा को संबोधित करते हुए कहा है कि जापान अगले साल टोक्यो ओलंपिक और पैरालम्पिक कराने के लिए प्रतिबद्ध है। टोक्यो ओलंपिक का आयोजन इस वर्ष जुलाई-अगस्त में होना था, लेकिन वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण इसे गत मार्च में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने 2021 तक के लिए स्थगित करने का फैसला किया था।


लाइव हिन्दुस्तान के अनुसार सुगा ने कहा, “जापान अगले साल टोक्यो ओलंपिक और पैरालम्पिक खेलों का आयोजन करने को लेकर प्रतिबद्ध है। यह इस बात का सबूत होगा कि मानवता ने महामारी को पराजित किया है। मैं इन खेलों के सुरक्षित आयोजन में सभी का स्वागत करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ूंगा।” टोक्यो ओलंपिक का आयोजन अगले वर्ष 23 जुलाई से आठ अगस्त तक किया जाएगा जबकि पैरालम्पिक खेलों का आयोजन 24 अगस्त से पांच सितंबर 2021 तक होगा।