खेल विभाग के तीन कर्मचारी हुए सेवा निवृत


खेल विभाग के अनोखे आॅन-लाईन विदाई समारोह में भारती विजयवर्गीय हुई भावविहिल

भोपाल।  सेवा निवृत्ति का अवसर कर्मचारी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिन होता है। इस महत्वपूर्ण दिन को संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन ने अपने अनुपम प्रयास से यादगार बना दिया। संचालनालय खेल और युवा कल्याण विभाग की सहायक ग्रेड-2 पद से आज सेवा निवृत्त हुई श्रीमती भारती विजयवर्गीय को आॅन-लाईन विदाई दी गई। 



श्रीमती भारती विजयवर्गीय अपनी बिटिया के पास बार्सीलोना (स्पेन) में थी और आज उनकी सेवानिवृत्ति का दिन था। स्वास्थ्य ठीक न होने तथा भारत और विश्व में लाॅकडाउन होने के कारण श्रीमती भारती विजयवर्गीय भोपाल नहीं आ सकी थी। श्रीमती भारती विजयवर्गीय को आॅन लाईन स्पेन से संचालनालय के ध्यानचंद हाॅल से जोड़कर विदाई दी गई। श्रीमती भारती विजयवर्गीय आॅन-लाईन विदाई पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की आत्मीयता देखकर अश्रुपुरित आँखों से भावविभोर हो गई, श्रीमती भारती विजयवर्गीय की बिटिया तथा दामाद भी आॅन-लाईन आए तथा इस अनुपम समारोह के साक्षी बने वे दोनों आत्मीय विदाई से अभिभूत दिखे। साथी कर्मचारियों ने भी श्रीमती भारती विजयवर्गीय के कार्याें को याद करते हुए पूरे समय खड़े होकर उन्हें ताली बजाकर भावपूर्ण विदाई दी।
आज खेल और युवा कल्याण संचालनालय के तीन कर्मचारी  मौज्जम दुर्रानी, श्रीमती भारती विजयवर्गीय और  कालूराम यादव आज सेवानिवृत्त हुए। मौज्जम दुर्रानी टेबल-टेनिस प्रशिक्षक के रूप में वर्ष 1981 से खेल प्राधिकरण में सेवा में आये थे। उन्होंने कई टेबल-टेनिस खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया। श्रीमती भारती विजयवर्गीय 30/5/1981 को विभाग में सहायक ग्रेड-3 पर भर्ती हुई थी। कालूराम यादव 30/4/1980 को विभाग में भृत्य के पद पर सेवा में आये थे। तीनों कर्मचारी आज सेवा निवृत्त हुए।
संचालक खेल की आॅन-लाईन विदाई की अभिनव पहल की जानकारी जब खेल मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया को मिली तो उन्होंने इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। उन्होंने ऐसे प्रयासों को किए जाने की आवश्यकता बताई जिनसे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता हो।  
इस अवसर पर सेवानिवृत्त हुए प्रशिक्षक श्री मौज्जम दुर्रानी, दफ्तरी श्री कालूराम यादव से भी संचालक खेल और युवा कल्याण श्री पवन कुमार जैन ने चर्चा की और उनके भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली तथा उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
संयुक्त संचालक खेल डाॅ. विनोद प्रधान तथा श्री बी.एस. यादव ने भी सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को अपनी शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संचालनालय के सभी अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त हुए तीनों कर्मचारियों के परिजन भी विशेष रूप से उपस्थित थे।