क्रिस्प और खेल विभाग के अधिकारियों ने एमओयू पर किए हस्ताक्षर

भोपाल। खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया द्वारा खेल विभाग के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उनकी पहल पर खिलाड़ियों और खेल विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों के क्षमता विकास के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग की एक स्वायत्त संस्था क्रिस्प (सेंटर फाॅर रिसर्च एण्ड इंडस्ट्रियल स्टाॅफ परफारमेंस) एवं खेल विभाग के मध्य आज एक एमओयू (अनुबंध) हुआ। एमओयू पर संचालक खेल और युवा कल्याण श्री पवन जैन तथा क्रिस्प के सीईओ (मुख्य कार्यपालन अधिकारी) श्री मुकेश शर्मा ने संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किए। इस मौके पर क्रिस्प की ओर से मुख्य विपणन अधिकारी श्री राजेश माहेश्वरी तथा खेल विभाग की ओर से संयुक्त संचालक डाॅ. विनोद प्रधान, श्री बी.एस. यादव और भी उपस्थित थे। संचालक खेल और युवा कल्याण श्री पवन जैन ने एमओयू के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि क्रिस्प द्वारा आईटी साॅल्यूशन एंड साॅफ्टवेयर डेव्हलपमेंट, व्यवसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, इंग्लिश एवं इंग्लिश कम्यूनिकेशन, नेटवर्किंग सहित विभिन्न सेवाएं खेल विभाग को प्रदान की जाएगी जो खिलाड़ियों, अधिकारियों, कर्मचारियों की क्षमता विकास के लिए विकसित की जाएंगी।