वाटर स्पोट्र्स कयाकिंग-केनोइंग अकादमी के छह खिलाड़ी इंडिया कैम्प के लिए चयनित

भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित छोटी झील में गत दिवस भारतीय कयाकिंग-केनोइंग महासंघ द्वारा ओलम्पिक क्वालिफाय एवं एशियन चैम्पियनशिप के लिए आयोजित सिलेक्शन ट्रायल में वाटर स्पोट्र्स अकादमी के छह कयाकिंग-केनोइंग खिलाड़ियों ने क्वालीफाय किया। इनमें तीन बालक और तीन बालिका खिलाड़ी शामिल हैं। चयनित खिलाड़ी ओलम्पिक क्वालिफाय एवं एशियन चैम्पियनशिप की तैयारी के लिए होने वाले इंडिया कैम्प में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। सिलेक्शन ट्रायल में देश भर के 83 खिलाड़ियों ने भाग लिया। गौरतलब है कि ओलम्पिक क्वालिफाय एवं एशियन चैम्पियनशिप का फायनल क्वालीफाय राउण्ड 14 से 17 मार्च, 2021 तक थाईलैण्ड के पटाया में खेला जायेगा। यह खिलाड़ी हुए चयनित इंडिया कैम्प के लिए चयनित होने वाले खिलाड़ियों में कयाकिंग खिलाड़ी बलबीर जाट, सी. देवव्रता सिंह और सुषमा वर्मा तथा केनोइंग खिलाड़ी कावेरी ढ़ीमर, नमिता चंदेल और देवेन्द्र सेन शामिल हैं। सिलेक्शन ट्रायल में खिलाड़ियों ने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया कैम्प के लिए क्वालीफाय किया। अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक कैप्टन पीजूष बारोई ने बताया कि अकादमी की केनोइंग खिलाड़ी कावेरी ढीमर ने सिलेक्शन ट्रायल में देश भर के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। प्रदेश का परचम फहरा रहे हमारे खिलाड़ी खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने सिलेक्शन ट्रायल में क्वालीफाय करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर मध्य प्रदेश का परचम फहरा रहे हैं। उन्होंने इंडिया कैम्प के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रतिभा प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी। शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन संचालक खेल और युवा कल्याण श्री पवन जैन ने इंडिया कैम्प के लिए अकादमी के चयनित खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सिलेक्शन ट्रायल में अकादमी की प्रतिभावान खिलाड़ी कावेरी ढ़ीमर ने शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वयं को न केवल श्रेष्ठ खिलाड़ी साबित किया बल्कि देश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाया। इंडिया कैम्प के लिए प्रदेश के सर्वाधिक खिलाड़ी का चयन होना मध्य प्रदेश के लिए गौरव की बात है।