राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ी सुनील डाबर ने प्रदेश को दिलाया स्वर्ण पदक

भोपाल। गुवाहाटी में 6 फरवरी, 2021 से खेली जा रही 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी सुनील डाबर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आज 1500 मीटर दौड़ में मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया। सुनील ने 3 मिनट 48.46 सेकंड के समय में दौड़ पूरी कर नया मीट रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने गत वर्ष अपने स्वयं के 3 मिनट 48.52 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए यह नया रिकॉर्ड बनाया। प्रतियोगिता के लांगजंप इवेंट में अकादमी के खिलाड़ी अविनाश कुमार ने 6.89 मीटर कूदकर मध्य प्रदेश को कांस्य पदक दिलाया। प्रदेश का मान बढ़ा रहे हमारे खिलाड़ी खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने सुनील डाबर और अविनाश कुमार के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर हमारे खिलाड़ी मध्य प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। खेल मंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हमारे खिलाड़ी और भी पदक जीतकर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे। भविष्य की नई उम्मीद संचालक खेल और युवा कल्याण श्री पवन जैन ने सुनील डाबर के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आदिवासी अंचल के सुनील डाबर मध्य प्रदेश के नए एथलेटिक्स चैंपियन तो है ही, वे भारतीय एथलेटिक्स के भविष्य की नई उम्मीदें भी हैं। प्रतियोगिता में अकादमी के 22 खिलाड़ी भागीदारी कर प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता 10 फरवरी, 2021 तक खेली जाएगी। प्रतियोगिता के पहले दिन मध्यप्रदेश के खिलाड़ी विवेक कुमार ने जैवलिन थ्रो में मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने यह पदक 72.83 मीटर भाला फेंक कर जीता। जबकि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी आदित्य कुमार सिंह ने लॉन्गजंप में 7.35 मीटर कूदकर मध्य प्रदेश को कांस्य पदक दिलाया।