ग्रेड वन में पदक जीतने वाले अकादमी के पहले खिलाड़ी बने प्रणय खरे

भोपाल। मध्य प्रदेश राज्य घुड़सवारी अकादमी के प्रतिभावान खिलाड़ी प्रणय खरे ने सीनियर नेशनल इक्विस्ट्रियन चैम्पियनशिप ग्रेड वन शो जम्पिंग में अपने अश्व वनीला स्काॅय पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया। प्रणय खरे ने एजीएल स्टेबल्स दिल्ली में 9 से 15 फरवरी, 2021 तक आयोजित सीनियर राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता ग्रेडवन (140 से.मी.) शो जम्पिंग में देश के टाॅप घुड़सवारों को पीछे छोड़ते हुए यह पदक अर्जित किया। प्रणय खरे सीनियर राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता ग्रेड वन (एडवांस) में उपलब्धि हासिल करने वाले म.प्र. राज्य घुड़सवारी अकादमी के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। शाबाश प्रणय प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री मान. यशोधरा राजे सिंधिया ने सीनियर नेशनल इक्वीस्ट्रियन चैम्पियनशिप ग्रेडवन शो-जम्पिंग में अकादमी के प्रतिभाशाली घुड़सवार प्रणय खरे के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें शाबाशी और बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रणय ने सीनियर नेशनल चैम्पियनशिप में रजत पदक अर्जित कर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है। प्रणय ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव संचालक खेल और युवा कल्याण श्री पवन जैन ने कहा कि प्रणय खरे प्रदेश के ही नहीं देश के प्रतिभावान घुड़सवार हैं। विगत चार वर्षों में प्रणय की उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ा है। खेल संचालक श्री जैन ने उम्मीद जताते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीतकर प्रणय खरे भारत का मान और तिरंगे की शान बढ़ाएंगे। प्रणय खरे की उपलब्धियां अकादमी के घुड़सवार प्रणय खरे ने अंतर्राष्ट्रीय इक्विस्ट्रियन चैम्पियनशिप में तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित पांच पदक देश को दिलाए हैं। जबकि उन्होंने जूनियर नेशनल इक्विस्ट्रिीयन चैम्पियनशिप में 17 स्वर्ण, 05 रजत और 02 कांस्य सहित 24 पदक और सीनियर में दो स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य सहित सात पदक मध्य प्रदेश को दिलाए हैं। इसके अलावा रीजनल एवं प्रीमियर इक्विस्ट्रिीयन लीग तथा हाॅर्स शो में अब तक 51 स्वर्ण, 44 रजत और 32 कांस्य पदक अर्जित किए हैं। प्रणय खरे घुड़सवारी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक कैप्टन भागीरथ के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत हैं।