अकादमी के धावक अर्जुन वास्कले और बुशरा खान ने मध्य प्रदेश को दिलाए दो स्वर्ण पदक

भोपाल। गुवाहाटी में खेली जा रही 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम दिन आज मध्य प्रदेश को बालक एवं बालिका अंडर-18 वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक हासिल हुए। एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी अर्जुन वास्कले ने 1500 मीटर दौड़ 3 मिनट 50.38 सेकेण्ड में पूरी कर जहां मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया वहीं नया मीट रिकार्ड भी बनाया। इससे पहले कोयंबटूर में वर्ष 2016 में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एथलीट शंकर ने 1500 मीटर दौड़ 3 मिनट 53.63 सेकेण्ड में पूरी कर यह रिकार्ड बनाया था। प्रतियोगिता के बालिका अंडर-18 वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में अकादमी की खिलाड़ी बुशरा खान गौरी ने 4 मिनट 53.47 सेकेण्ड में रेस पूरी कर मध्य प्रदेश को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। इसे मिलाकर मध्य प्रदेश को प्रतियोगिता में 13 पदक हासिल हुए है। जिनमें 7 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल है। इस प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य सहित कुल 7 पदक मध्य प्रदेश को दिलाए है। हमें अपने खिलाड़ियों पर गर्व है खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी बुशरा खान गौरी और अर्जुन वास्कले के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने पदक जीतकर मध्य प्रदेश का मान बढ़ाया है और हमें अपने खिलाड़ियों पर गर्व है। संचालक खेल और युवा कल्याण पवन जैन ने राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश को हासिल 13 में से 7 पदक एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश को दिलाए हैं, यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है।