India vs England 1st T20: इंग्लैंड ने इंडिया को 8 विकेट से हराया

नई दिल्ली। इंग्लैंड ने 5 मैच की सीरीज के पहले टी20 में भारत को 8 विकेट से हरा दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया 20 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन ही बना पाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने 15.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 130 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उसने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। इंग्लैंड ने पावर प्ले (शुरुआती 6 ओवर) में बिना विकेट खोए 50 रन बना लिए थे। टीम इंडिया की 12 टी20 के बाद घरेलू मैदान पर यह पहली हार है। इससे पहले उसे 8 दिसंबर 2019 को वेस्टइंडीज ने हराया था। तब तिरुवनंतपुरम में खेले गए उस टी20 मैच में भारत को 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। टीम इंडिया तीसरी बार 8 विकेट से हारी है। यह उसकी दूसरी सबसे बड़ी हार के रिकॉर्ड की बराबरी है। उसकी इससे बड़ी हार नौ विकेट से रही है। इंग्लैंड की ओर से जेसन रॉय हाइएस्ट स्कोरर रहे। उन्होंने 32 गेंद में 49 रन बनाए। डेविड मलान 24 और जॉनी बेयरस्टो 26 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड को दूसरा झटका 12वें ओवर की पहली गेंद पर लगा। वाशिंगटन सुंदर अपना पहला ओवर फेंकने आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर जेसन रॉय को LBW कर दिया। जेसन ने रिव्यू लिया, लेकिन मैदानी अंपायर का फैसला ही सही निकला। जेसन रायजब आउट हुए तब इंग्लैंड का स्कोर 89 रन था। इंग्लैंड को पहला झटका युजवेंद्र चहल ने दिया था। उन्होंने 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर जोस बटलर को LBW किया। बटलर ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से 24 गेंद में 28 रन बनाए। बटलर जब आउट हुए तब इंग्लैंड के खाते में 72 रन जुड़ चुके थे। इंग्लैंड की ओर से जेसन रॉय और जोस बटलर ने पारी की शुरुआत की थी। दोनों ने शुरुआत में सभलकर और फिर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। इससे पहले टीम इंडिया श्रेयस अय्यर के दम पर 124 रन का स्कोर बना पाई। टीम इंडिया की ओर से श्रेयस अय्यर के अलावा ऋषभ पंत और हार्दिक पंड्या ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। विराट कोहली और शार्दुल ठाकुर खाता भी नहीं खोल पाए। भारतीय टीम के शीर्ष 3 बल्लेबाज कुल 5 रन ही बनाए। ओपनर केएल राहुल 4 गेंद में एक और शिखर धवन 12 गेंद में 4 रन बनाकर आउट हुए। विराट कोहली एक भी रन नहीं बना पाए। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने 23 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके अलावा आदिल रशीद, मार्क वुड, क्रिस जॉर्डन और बेन स्टोक्स एक-एक विकेट लेने में सफल रहे। जोफ्रा आर्चर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। जनसत्ता से साभार