हॉकी के जाने-माने समीक्षक एवं आंकड़ेबाज बी.जी. जोशी नहीं रहे

भोपाल। देश के जाने माने हॉकी समीक्षक एवं आंकड़ेबाज बी.जी. जोशी नहीं रहे। वे 66 वर्ष के थे। सोमवार 19 अप्रैल-2021 की मध्य रात उनका सीहोर के एक निजी हॉस्पिटल में निधन हो गया। श्री जोशी पिछले कुछ दिनों से कोरोना बीमारी से पीडि़त थे। वे अपने पीछे पत्नी श्रीमती कृष्णा जोशी, पुत्र नीरज एवं श्रवन जोशी को पीछे छोड़ गए हैं। नीरज एवं श्रवन ने बताया कि पापाजी के ड्रीम हॉकी के सपने को हम पूरा करेंगे। बी.जी. जोशी देश के कई समाचार पत्र एवं पत्रिकाओं में अपने हॉकी रिकॉर्डस, आंकड़ों एवं समीक्षा की वजह से लोकप्रिय थे। हॉकी के आंकड़ों की जानकारी के मामले में देश एवं दुनियाभर में उनका कोई तोड़ नहीं था। श्री जोशी खेल पत्रिका नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स के लिए हॉकी समीक्षक के रुप में वर्ष 1995 से निरंतर लिख रहे थे। नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स परिवार उन्हें अपनी श्रद्धांजति अर्पित करता हैं।