खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के कार्यक्रम में हुआ बदलाव, 10 दिन में खत्म होगा टूर्नामेंट

नई दिल्ली। कोरोना महामारी के चलते हरियाणा में होने वाले 'खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021' के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। टूर्नामेंट को छोटा करके अब 10 दिन का कर दिया गया है। यूथ गेम्स का चौथा सीजन 21 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में बुधवार को यहां इन खेलों की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया। यूथ गेम्स की शुरुआत साल 2018 में हुई थी और इसका पहला सीजन दिल्ली के इंदिरा गांधी इडोर स्टेडियम में खेला गया था।
लाइव हिन्दुस्तान के अनुसार बैठक में खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह सहित भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।'खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021' के चौथे सीजन का आयोजन हरियाणा के पंचकूला, अम्बाला, शाहबाद, दिल्ली और चंडीगढ़ में 21 से 30 नवंबर, 2021 तक किया जाएगा जिनमें 90 प्रतिशत खेल स्पधार्एं पंचकूला में आयोजित की जाएंगी। इन खेलों के साथ ही ब्रिक्स गेम्स 2021 के वॉलीबाल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। ब्रिक्स देशों में ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन तथा दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। यूथ गेम्स में 25 प्रकार के खेलों को शामिल किया गया है।