पूर्व राष्ट्रीय हॉकी अंपायर रविंदर सिंह सोढी का कोरोना से निधन

नई दिल्ली। पूर्व राष्ट्रीय हॉकी अंपायर रविंदर सिंह सोढी का दिल्ली में 12 मई बुधवार को कोरोना जटिलताओं के कारण निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। पूर्व राष्ट्रीय हॉकी अंपायर और तकनीकी अधिकारी रविंदर ने कई शीर्ष घरेलू हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग लिया था। वहीं उन्होंने 1988 में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हॉकी गोल्ड कप लखनऊ में भी अंपायरिंग की थी। हॉकी इंडिया की तरफ से दिवंगत रविंदर के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रों निंगोंबम ने शोक संदेश में कहा- हम रविंदर के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हैं। उनके निधन से हॉकी बिरादरी को झटका लगा है।