टोक्यो ओलंपिक में भारत दोहरे अंक में पदक जीत सकता है :नरेंद्र बत्रा

नई दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा ने आज यहाँ एक कार्यक्रम में कहा कि टोक्यो में भारत पदकों की संख्या दोहरे अंक को छू सकती है जो अभूतपूर्व उपलब्धि होगी। भारत ने ओलंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2012 में लंदन ओलंपिक में किया था जब देश ने दो रजत और चार कांस्य पदक सहित कुल छह पदक जीते थे। आईओए प्रमुख ने कहा कि ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके सभी खिलाड़ियों को कोविड-19 का पहला टीका लग चुका है, सिर्फ उन्हें छोड़कर जो हाल में इस संक्रमण का शिकार हुए हैं।बत्रा ने रिजिजू,से आग्रह किया कि वह सुनिश्चित करेंगे कि टोक्यो के लिए रवाना होने से पहले भारतीय खिलाड़ियों का टीकाकरण पूरा हो। ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके छह खिलाड़ियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया जिसमें नीरज चोपड़ा, बजरंग पूनिया, रवि दाहिया, सुमित मलिक और सीमा बिस्ला शामिल थे।नरेंद्र बत्रा ने गुरुवार को कहा कि आगामी टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय दल में लगभग 190 सदस्य हो सकते हैं जिसमें 100 से अधिक खिलाड़ी होंगे। खेल मंत्री किरण रिजिजू ने भी इस मौके पर देश के प्रतिभागियों की आधिकारिक किट का विमोचन किया। अब तक 100 भारतीय खिलाड़ी टोक्यो खेलों के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं जिसमें 56 पुरुष और 44 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। आईओए को उम्मीद है कि 23 जुलाई से शुरू होने वाले खेलों के लिए 25 से 35 और खिलाड़ी क्वालीफाई करने में सफल रहेंगे। बत्रा ने ऑनलाइन समारोह के दौरान कहा,"अगले दो से तीन हफ्ते में क्वालीफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने तक हमें 125 से 135 खिलाड़ियों के क्वालीफाई करने की उम्मीद है। इसका मतलब है कि अधिकारियों और सहयोगी स्टाफ को मिलाकर भारतीय दल में लगभग 190 सदस्य होंगे। खेल मंत्रालय के नियमों के अनुसार अधिकारियों की संख्या खिलाड़ियों के एक तिहाई से अधिक नहीं हो सकती। मंत्रालय हालांकि अतिरिक्त अधिकारियों को स्वीकृति दे सकता है लेकिन उनका खर्चा नहीं उठाएगा।" भारतीय दल की आधिकारिक किट का विमोचन करते हुए रिजिजू,ने कहा कि पूरा देश खिलाड़ियों के साथ है। ओलंपिक ऐसा मंच है जहां दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा पेश करते हैं। उम्मीद करता हूं कि हमारे खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे और पदक जीतकर देश को गौरवांवित करेंगे। रिजिजू ने कहा, "आज प्रधानमंत्री ने ओलंपिक की देश की तैयारी की समीक्षा की और प्रतिभागी खिलाड़ियों को आश्वासन दिया कि पूरा देश उनके साथ है।"रिजिजू,ने कहा कि कोविड-19 महामारी की चुनौतियों के बीच उनका मंत्रालय खिलाड़ियों को हर तरह की मदद मुहैया कराएगा। आधिकारिक किट का प्रयोजक ली निंग जबकि आधिकारिक समारोह किट का प्रायोजक रेमंड्स है।प्रत्येक खिलाड़ी को चार आधिकारिक किट मिलेंगी और 100 से अधिक किट आपात स्थिति के लिए रखी जाएंगी।